नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर फिर से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए क्योंकि देश में उसके और भारतीय जनता पार्टी की वजह से गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनकी निजी राय है कि संघ पर प्रतिबंध लगाया जाये। खरगे ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा और आरएसएस हमेशा देश के लिए घातक रहे हैं और आरएसएस पर फिर से प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के अनुसार आरएसएस और हिंदू महासभा की गतिविधियों के कारण देश में जिस तरह का माहौल बना उसी के कारण गांधीजी की हत्या हुई थी। इसी वजह से श्री पटेल ने इस संगठन को प्रतिबंधित कर दिया था। उन्होंने कहा, मैं आपको सरदार पटेल की बात याद दिलाना चाहता हूं। सरदार पटेल ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को 4 फरवरी 1948 में लिखे एक पत्र में कहा था – गांधी जी की मृत्यु पर आरएसएस ने हर्ष प्रकट किया और मिठाई बांटी थी।
खरगे ने कहा कि जिन लोगों ने गांधी जी की हत्या की आज उसी विचारधारा के लोग कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी सरदार पटेल को याद नहीं करती है। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार अब पाठ्यक्रमों में बदलाव कर इतिहास को बदलने का प्रयास कर रही है। हाल ही में एनसीईआरटी की तीन किताबों में से गांधी जी, गोडसे, आरएसएस और 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े अध्याय हटा दिए गए हैं। भाजपा सरकार सच्चाई को छिपाना चाहती है, जो बहुत बुरी बात है लेकिन उसे समझ लेना चाहिए कि सच छिप नहीं सकता है।
हालांकि मोदी सरकार हमेशा झूठ को सच बनाने की कोशिश में लगी रहती है और इससे उनकी मंशा समझ में आती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 9 जुलाई 2024 को मोदी सरकार ने आरएसएस की शाखाओं में सरकारी कर्मचारियों के शामिल होने पर लगा 58 साल पुराना प्रतिबंध हटा दिया। यह प्रतिबंध भी फिर से लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा आज का दिन जहां बहुत महत्वपूर्ण है वहीं बहुत दुखद भी है। हम एक तरफ सरदार पटेल की जयंती मना रहे हैं, वहीं दुखद बात है कि आज इंदिरा गांधी का शहादत दिवस है।
इन दोनों हस्तियों ने देश के लिए बहुत काम किया है। इनमें एक ‘लौह पुरुष’ हैं और एक ‘आयरन लेडी’। जहां सरदार पटेल ने देश को एक रखने का काम किया था, वहीं इंदिरा गांधी ने देश की एकता बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। ये कांग्रेस का इतिहास है- देश के लिए कांग्रेस का योगदान है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा, आरएसएस हमेशा पंडित जवाहर लाल नेहरू तथा सरकार वल्लभभाई पटेल के बीच हमेशा मतभेद होने की बात करते हैं।
इन दोनों महान नेताओं के रिश्तों में गड़बड़ी होने का प्रचार किया जाता है लेकिन वास्तविकता ये है कि दोनों के बीच बहुत अच्छे रिश्ते थे और दोनों एक दूसरे का सम्मान करते थे।

