जयपुर। वीवीआईपी क्षेत्र सिविल लाइंस में गुरुवार सुबह लेपर्ड के दिखने से हड़कंप मच गया। लेपर्ड सीधे टाइनी ब्लॉसम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परिसर में घुस गया, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बच्चों को तत्काल क्लासरूम में बंद कर सुरक्षित किया गया। अचानक हुई इस घटना से स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। लेपर्ड स्कूल से निकलकर आसपास के घरों की छतों और गलियों में मूवमेंट करता दिखाई दिया।
चूंकि यह इलाका राजभवन, सीएम आवास, मंत्री-आधिकारियों के बंगलों और बेहद सख्त सुरक्षा वाले परिसरों के बीच आता है, इसलिए इसकी मौजूदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं और बढ़ा दी। कुछ समय पहले भी यही लेपर्ड जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के सरकारी बंगले में देखा गया था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मंत्री रावत के बंगले सहित आसपास के सभी सरकारी आवासों की तलाशी ली गई। टीम ने लेपर्ड को बिना किसी नुकसान के ट्रेंकुलाइज कर लिया।
पिछले कुछ महीनों में जयपुर के कई आबादी वाले इलाकों दुर्गापुरा, जगतपुरा, जयसिंहपुरा, खो-नागोरियान और विद्याधर नगर में भी लेपर्ड दिख चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि जंगलों में कम होता भोजन और बढ़ता शहरी विस्तार इन घटनाओं के पीछे प्रमुख कारण हैं। सिविल लाइंस जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में लेपर्ड का पहुंच जाना अब वन विभाग और पुलिस दोनों के लिए नई चुनौती बनकर उभरा है।

