प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर मिली बधाइयाँ

By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी नेताओं, वैश्विक हस्तियों, अभिनेताओं और खिलाड़ियों ने उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शुभकामनाएं दीं। भारतीय जनता पार्टी ने इस अवसर पर आज से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ शुरू किया है, जिसके तहत देशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पोस्ट में कहा, परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है।

आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लिखा, आपके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर अपनी छाप छोड़ रहा है। आपको दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं। गृहमंत्री अमित शाह ने उनकी उपलब्धियों का वीडियो साझा करते हुए लिखा, देश के लिए त्याग, तपस्या और सर्वस्व समर्पण का नाम है नरेन्द्र मोदी। उनका व्यक्तित्व राष्ट्रहित को समर्पित ध्येयनिष्ठ नेतृत्वकर्ता का है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि झांसी में उनके भाषण में मैंने भविष्य के नेतृत्व की चमक देखी थी। अनुशासन, समर्पण और साहस ने उन्हें भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला नेता बनाया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आपके नेतृत्व में देश से आतंक और भ्रष्टाचार समाप्त हो, भारत आत्मनिर्भर बने और विश्वगुरु का स्थान प्राप्त करे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि आपकी दीर्घायु व स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल खट्टर, किरेन रिजिजू, ज्योतिरादित्य सिंधिया, हर्ष मल्होत्रा और अजय टमटा ने भी बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और दीघार्यु की कामना। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई और अच्छे स्वास्थ्य की कामना। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लिखा, प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष उनके लिए स्वास्थ्य, खुशी और राष्ट्र सेवा में सफलता लाए।

Share This Article
Exit mobile version