मुंबई में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाला आरोपी एनकाउंटर में मारा गया

By Sabal SIngh Bhati - Editor

मुंबई के पवई क्षेत्र के रा स्टूडियो में गुरुवार को 17 बच्चों सहित 19 लोगों को बंधक बनाने वाला आरोपी एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान फायरिंग में रोहित आर्या को गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। जैसे ही माता-पिता को सूचना मिली कि उनके बच्चे बंधक बने हैं, स्टूडियो के बाहर भीड़ इकट्ठा हो गई। रोहित ने लगभग पौने दो बजे 17 बच्चों, एक वृद्ध और एक अन्य नागरिक को बंधक बना लिया था।

पुलिस और विशेष कमांडो ने एक घंटे की कार्रवाई में सभी बंधकों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस को घटनास्थल से एक एयरगन और कुछ रासायनिक पदार्थ भी मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 100 से अधिक बच्चों को ऑडिशन के लिए बुलाया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रोहित आर्या मूल रूप से पुणे का निवासी था और उसे महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर के कार्यकाल में शिक्षा विभाग के एक स्कूल का टेंडर मिला था।

रोहित का कहना था कि उसे इस प्रोजेक्ट का भुगतान अब तक नहीं मिला था, जिसके कारण वह आर्थिक संकट और मानसिक तनाव में था। पूर्व मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि रोहित को उनके स्कूल में काम दिया गया था और उसने उनके विभाग से पैसे लिए थे। बंधक बनाना गलत है। स्टूडियो में बंधक बनाए गए बच्चे खिड़की से मदद की गुहार लगाते नजर आए, जिसके बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।

कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को चारों ओर से घेर लिया। रोहित अंदर से लगातार पुलिस को धमका रहा था और कह रहा था कि कार्रवाई की तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे। पुलिस ने आरोपी को बातचीत में लगाकर उसका ध्यान भटकाने की कोशिश की। आरोपी को समझाने में नाकाम रहने पर पुलिस बाथरूम के रास्ते स्टूडियो में घुसी। इस दौरान आर्या ने पुलिस पर फायरिंग की और बच्चों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल किया। जवाबी कार्रवाई में आर्या पुलिस की गोली से घायल हो गया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक एयरगन और कुछ रासायनिक पदार्थ बरामद किए। रोहित का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह कह रहा है कि उसने बच्चों को बंधक बनाकर एक योजना बनाई है। उसकी मांगें साधारण थीं और वह कुछ लोगों से बात करना चाहता था। उसने कहा कि अगर उसे उकसाया गया, तो वह स्टूडियो को आग लगा देगा।

Share This Article
Exit mobile version