जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए तेजी से कदम उठा रही है। वित्त विभाग ने पर्यटन विभाग को कुल 22 करोड़ 93 लाख 12 हजार रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं हेरिटेज स्थलों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यकरण और विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी। जयपुर में हेरिटेज ट्यूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नाहरगढ़ और आमेर को आइकॉनिक ट्यूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 4.37 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
वहीं रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 2 करोड़ 6 लाख रुपए से विकास कार्य किए जाएंगे। यहां हम्मीर महल से मंदिर तक सुगम मार्ग, पेयजल व्यवस्था और सोलर पैनल जैसी जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। राजसमंद जिले के प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर के विकास के लिए एक करोड़ से अधिक की स्वीकृति दी गई है। यहां बारादरी निर्माण, फूड कोर्ट, पार्किंग सुधार, परिसर पेंटिंग और विद्युतीकरण कार्य करवाए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण कार्य होंगे।
इनमें रामदेवजी की जन्मस्थली रामदेरिया, भोमिया जी मंदिर, डोवा रामजी महाराज तीर्थ पाली, चामुंडा माताजी मंदिर सिरोही, नीमच माता मंदिर उदयपुर और हल्देश्वर महादेव बालोतरा समेत कई स्थल शामिल हैं।


