जयपुर। ग्रेटर नगर निगम के वार्ड नंबर 19 निवारू रोड स्थित प्रभु विहार कॉलोनी में नारी शक्ति के हाथों नई सीमेंट सड़क का लोकार्पण किया गया। 60 वर्षीय शांति देवी ने फीता काटकर सड़क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कॉलोनी के सभी निवासी उत्साहपूर्वक मौजूद रहे। सड़क निर्माण की लागत राशि करीब 16 लाख रूपए नगर निगम ग्रेटर की ओर से वहन की गई है। कॉलोनीवासी लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे थे।
पानी निकास की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दौरान कॉलोनी के मुख्य द्वार पर तीन से चार फीट तक पानी भर जाता था, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बच्चों के स्कूल की गाड़ियां भी कॉलोनी में नहीं आ पाती थी, अब इस नई सीमेंटेड सड़क के निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिली है। नारी शक्ति के इस प्रतीकात्मक लोकार्पण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। महिलाओं ने सड़क निर्माण को विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम प्रशासन का आभार जताया और उम्मीद जताई कि आगे भी क्षेत्र में इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे। इस नई सड़क के बन जाने से न केवल जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि कॉलोनी की सुंदरता और सुविधा दोनों में वृद्धि होगी।

