सुकमा। आंध्र प्रदेश के मोरडुमिल्ली इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच तड़के हुई मुठभेड़ में 7 नक्सली मारे गए, जिनमें 3 महिला नक्सली भी शामिल हैं। यह कार्रवाई चल रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सात नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिनमें संगठन का शीर्ष सदस्य मेटूरू जोगा राव भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कुल सात नक्सलियों में 3 महिला नक्सलियों के मारे जाने की भी खबर है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी.
सुन्दराज ने बताया कि हम आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ संपर्क में हैं और थोड़ी देर बाद अधिकृत सूचना दे सकेंगे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह मुठभेड़ मोरडुमिल्ली थाना क्षेत्र के जीएम वालासा गांव के जंगलों में हुई। सुरक्षा बलों ने मौके से 4 पुरुष और 3 महिला नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। हालांकि अन्य माओवादियों की पहचान अभी तक आधिकारिक रूप से नहीं हो पाई है। मारे गए नक्सलियों में डीवीसीएम सीता ज्योति तथा संगठन के 5 अन्य एसीएम के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है, ताकि किसी भी घायल नक्सली या बच निकलने की कोशिश कर रहे दस्ते के सदस्यों को पकड़ा जा सके। मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर सेंट्रल कमेटी मेंबर मादवी हिड़मा मारा गया। उसके साथ उसकी पत्नी मढ़कम राजे भी मारी गई। हिड़मा 24 से अधिक बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रह चुका था। उसे 2013 के दरभा घाटी नरसंहार और 2017 के सुकमा हमले के लिए जिम्मेदार बताया गया था।

