भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण, महंत कैलाश शर्मा ने दी प्रेरणा

Tina Chouhan

जयपुर। मानसरोवर क्षेत्र के अग्रवाल फार्म पुलिया के पास भगवान परशुराम की आदमकद प्रतिमा का अनावरण हुआ। मोतीडूंगरी महंत कैलाश शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम किसी एक जाति विशेष के देवता नहीं हैं, बल्कि वे संपूर्ण हिंदू समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने पूरी मानवता और समाज के लिए कार्य किया है। महंत शर्मा ने घोषणा की कि मोतीडूंगरी ट्रस्ट की ओर से प्रतिमा की पूजा-अर्चना के लिए स्थायी सेवक उपलब्ध कराया जाएगा। सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम के जीवन से समाज उत्थान और सेवा की प्रेरणा मिलती है।

समाज के सभी वर्ग उनके आदर्शों से प्रेरित होकर समाज और राष्ट्रहित के कार्य करें। उपमहापौर पुनीत कर्नावट, निगम ग्रेटर की सफाई समिति के अध्यक्ष अभय पुरोहित ने भी विचार व्यक्त किए। स्वस्तिवाचन और मंत्रोच्चारण से शुभारंभ : समारोह की शुरुआत विधिवत स्वस्तिवाचन के साथ हुई। प्रतिमा के अनावरण के समय वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और पवित्र हो उठा। अनावरण के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान परशुराम की सामूहिक आरती की गई।

Share This Article