जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से दूरभाष पर बातचीत कर दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि की स्थिति पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। वार्ता के दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को त्वरित राहत और हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को किसी भी स्थिति में असहाय महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच समन्वय बनाकर राहत कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के सभी जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर प्रभावित परिवारों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि राहत एवं सहायता कार्यों में प्रशासन का सहयोग करते हुए सुनिश्चित करें कि प्रभावित लोगों को समय पर आवश्यक मदद मिले। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हालात पर नजर रखे हुए है तथा राहत और पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।