जयपुर। प्रदेश में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से ठंडक का अनुभव होने लगा है। जोधपुर, चूरू, गंगानगर, अजमेर सहित 20 से अधिक शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पाली में कल सबसे अधिक सर्द रात रही। सर्दी बढ़ने के कारण राजस्थान में अब रात में कूलर और पंखे चलाना बंद हो गए हैं। उत्तर भारत में हुई बर्फबारी के कारण तापमान में यह बदलाव आया है। शहरों में पारा औसत से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री नीचे दर्ज किए जा रहे हैं। राज्य में आज सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य के सभी हिस्सों में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा और उसके बाद धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।