राजीव कुमार ने दीपावली पर सभी को शुभकामनाएं दीं

Tina Chouhan

जयपुर। दीपावली के पावन पर्व पर महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने राजस्थान पुलिस परिवार के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने पुलिस के ध्येय को दीपावली के प्रकाश से जोड़ते हुए नवीन आपराधिक कानूनों के सफल कार्यान्वयन पर विशेष बल दिया। शर्मा ने कहा कि दीपावली के पर्व के उजाले की तरह राजस्थान पुलिस का ध्येय भी सेवा, सुरक्षा और न्याय के प्रकाश को जन-जन तक पहुँचाने का है। नवीन कानून सर्वजन हितार्थ की भावना को चरितार्थ करते हुए जनसुलभता, पारदर्शिता और सबसे महत्वपूर्ण पीड़ित-केंद्रित न्याय-व्यवस्था के एक नए युग की शुरुआत कर रहे हैं।

भरोसे के दीप जलाने का आह्वान करते हुए महानिदेशक ने पुलिसकर्मियों से यह संकल्प लेने का आग्रह किया कि हम सब मिलकर अपने कार्य, आचरण और व्यवहार से आमजन के बीच भरोसे के दीप जलाएँगे। उनके समर्पण से राजस्थान पुलिस न केवल समाज में न्याय एवं शांति व्यवस्था की अग्रदूत बनेगी, वरन् संवेदनशील शासन की सशक्त प्रतीक भी बनेगी। शुभकामनाओं के साथ उन्होंने कामना की है कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और नए उत्साह का प्रकाश लेकर आए।

Share This Article