भाजपा के शासन में चुनावी धांधलियों का सफाया करना आवश्यक: अखिलेश यादव

By Sabal SIngh Bhati - Editor

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र को कमजोर करने और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है और कहा है कि भाजपा राज में फैली चुनावी धांधली के कूड़ा को हटाना जरूरी है। यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि सच्चे स्वच्छ भारत के लिए भाजपा शासन में चुनाव आयोग के कुछ अधिकारियों द्वारा फैलाए गए धांधलियों के कूड़े को हटाना भी उतना ही जरूरी है, जितना सड़कों की सफाई जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी लोकतंत्र में नहीं, बल्कि लूटतंत्र में विश्वास करते हैं। आजादी के पहले से लेकर आज तक भाजपा और उसके संगी-साथी सदैव पिछले दरवाजो वाली राजनीति और खुफियाखोरी का सहारा लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता इनकी मुखबरी और सेंधमारी की राजनीति को समझ चुकी है। समाज अब घपले-स्कैम को बर्दाश्त करने की सीमा पार कर चुका है। पार्टी ने कहा कि भाजपा को अब जनता की अगले दरवाजे की जन-दस्तक सुननी ही होगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में ईमानदार और निष्पक्ष अधिकारियों की उपेक्षा की जा रही है, जबकि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गए हैं। पार्टी ने कहा कि मिलीभगत से चुनावी गोरखधंधे में शामिल अधिकारियों के कारण आयोग की शुचिता और प्रतिष्ठा पर आँच आई है, जिसे दूर करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भ्रष्ट अधिकारियों और राजनीतिक मिलीभगत का भंडाफोड़ जारी रहेगा।

ऐसे लोग दीमक की तरह लोकतंत्र को अंदर से खोखला कर रहे हैं, लेकिन अब जनता उन्हें जवाब देने के लिए तैयार है। नयी पीढ़ी अब नये भविष्य का निर्माण करेगी और एक ऐसी व्यवस्था खड़ी करेगी, जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी की बुनियाद पर सच्चा लोकतंत्र स्थापित हो सके।

Share This Article
Exit mobile version