जयपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण

जयपुर। नगर निगम जयपुर हेरिटेज आयुक्त डॉ. निधि पटेल ने गुरुवार को दिल्ली रोड लाल डूंगरी स्थित मॉर्डन कचरा ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कचरा ट्रांसफर स्टेशन के सिविल निर्माण कार्य में धीमी गति होने पर आयुक्त डॉ. पटेल ने नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को निर्धारित समय पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निगम हेरिटेज आयुक्त डॉ. पटेल ने बताया कि मॉर्डन कचरा ट्रांसफर स्टेशन का मैकेनिज्म पार्ट बनकर तैयार हो गया है।

उन्होंने बताया कि मैकेनिज्म पार्ट के बाद अब यहां पर सिविल कार्य चल रहा है, जिसे जल्द पूरा करने के संबंधित संवेदक और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। निगम हेरिटेज प्रोजेक्ट शाखा के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि मॉर्डन कचरा ट्रांसफर स्टेशन पूर्णतया कवर ट्रांसफर स्टेशन रहेगा। इसके बनने के बाद हूपर से यहां वेस्ट सामग्री लाई जाएगी, जिसे जमीन पर गिराए बिना ही दो कैप्सूलनुमा कंटेनर में डाल दिया जाएगा। इसके बाद कंटेनर गाड़ी से जुड़कर सीधा निगम के प्लांट पर चला जाएगा।

इस ट्रांसफर स्टेशन के बनने के बाद शहर को कचरा मुक्त बनाने में और मदद मिलेगी। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया निरीक्षण निगम हेरिटेज आयुक्त डॉ. पटेल ने जामडोली क्षेत्र के विजयपुरा मालपुरा चौड़ में बने रहे निगम के एसटीपी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसटीपी के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर निगम हेरिटेज के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवण वर्मा ने बताया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट 30 एमएलडी का बनकर तैयार हो रहा है। इसका 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

इस दौरान निगम के अधीक्षण अभियंता चरण सिंह मीणा, अधिशाषी अभियंता सुबोध कुमार सहित अन्य निगम अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Exit mobile version