जोधपुर: चोरी की नियत से घुसे चोरों ने महिला और दो बच्चियों का गला रेता, महिला की मौत

6 Min Read
जोधपुर: चोरी की नियत से घुसे चोरों ने महिला और दो बच्चियों का गला रेता, महिला की मौत

जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण जिले के बिलाड़ा पुलिस थाना अंतर्गत बीती रात एक सनसनी खेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। जहां चोरी करने की नियत से घर में घुसे चोरों ने एक महिला सहित दो बच्चियों की धारदार हथियार से गला रेत दिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चियां गंभीर रुप से घायल हैं।

बताया जा रहा है कि हत्यारे चोरी की नियत से घर में घुसे थे, इसी दौरान महिला की जाग गई और उसने चोरों का विरोध करना शुरू कर दिया। जिसके बाद चोरों ने चाकू से गला रेतकर महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद घर में मौजूद अन्य दो बच्चियों का गला भी चाकू से बेरहमी से काट दिया।

जानकारी के मुताबिक बिलाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के लाम्बा गांव में शनिवार को महिला के रिश्तेदारी में शादी समारोह का कार्यक्रम था। इसके चलते घर में रहने वाले सभी लोग शादी में शामिल होने के लिए गए हुए थे। घटना के समय महिला अपनी एक साल की बच्ची और 12 साल के जेठ की बेटी खुशी के साथ घर में मौजूद थी।

जोधपुर : मृतक महिला अंजलि उर्फ अंजू (27)

चोरों को लगा शादी में जाने की वजह से घर खाली होगा, चोरी की वारदात को अंजाम देते समय महिला की नींद खुल गई। घर में अकेली महिला ने चोरों को देखकर चिल्लाना शुरू कर दिया। ये देखकर चोरों ने महिला पर हमला कर दिया। जिसमें महिला और दोनों बच्चियां घायल हो गई। चोरों के जाने के बाद हमले में घायल हुई बच्ची ने ही अपने दादा को कॉल करके घटना की जानकारी दी।

जोधपुर ग्रामीण एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि लांबा के रहने वाले महेंद्र का परिवार गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी अंजलि उर्फ अंजू (27), एक साल की बेटी काविया उर्फ काव्या और भतीजी कुसुम उर्फ खुशी (12) थी। रात साढ़े दस बजे पड़ोस में ही रहने वाले दो युवक लूट के इरादे से घर में घुसे। और कमरे में सामान खंगालने लगे, तभी अंजू की नींद खुल गई।

उसने दोनों चोरों, ई-मित्र संचालक अनिल (20) और साहिल खान (19) को पहचान लिया। जिसके बाद अंजू चिल्लाने लगी तो पहचान उजागर होने के डर से दोनों ने चाकू से अंजू का गला रेत दिया। आवाज सुनने पर घर में ही सो रही अंजलि की भतीजी जाग गई। जिसके बाद दोनों बदमाशों ने घर में सो रही दोनों बच्चियों पर भी हमला करके उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घायल हुई बच्ची ने दादा को फोन कर दी घटना की जानकारी

दोनों बदमाशों घर से चले जाने के बाद कुसुम ने अपने दादा चैनाराम को कॉल करके बताया कि ई-मित्र संचालक अनिल और साहिल ने चाची, काविया और मेरे ऊपर चाकू से हमला कर दिया है। जिसके बाद चैनाराम परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों घायलों को बिलाड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंजू को मृत घोषित कर दिया।

जोधपुर: अस्पताल में भर्ती मासूम काव्या

दोनों बच्चियों को भर्ती कर लिया। जहां से रविवार सुबह दोनों बच्चियों को जोधपुर रेफर कर दिया। सूचना के बाद रात साढ़े बारह बजे पुलिस और एफएसएल टीमों ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।

जोधपुर ग्रामीण की बिलाड़ा पुलिस ने सुबह 4 बजे दोनों आरोपियों को पकड़ा

जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र मे हुई इस घटना की बच्ची के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सुबह 4:30 बजे साहिल के घर दबिश दी। जहां पर दोनों आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद छिपे हुए थे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में बदमाशों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय महिला जाग गई थी और उन्हें पहचान लिया था। इसलिए पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने हत्या कर दी।

जोधपुर : आरोपी अनिलऔर साहिल खान

वारदात से पहले की थी रेकी

बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की थी। एक आरोपी अनिल ने शाम को अंजू की सास शम्मू देवी को कॉल कर पेंशन चालू करने के लिए डॉक्यूमेंट मांगे थे। शम्मू ने कहा कि वह शादी में आई हुई है। जिसके बाद युवक को यकीन हो गया कि घर में कोई नहीं है। इसलिए लूट करना आसान रहेगा और किसी को पता नहीं चलेगा।

देश विदेश की तमाम बड़ी खबरों के लिए निहारिका टाइम्स को फॉलो करें। हमें फेसबुक पर लाइक करें और ट्विटर पर फॉलो करें। ताजा खबरों के लिए हमेशा निहारिका टाइम्स पर जाएं।

Share This Article
Follow:
Jaswant singh Harsani is news editor of a niharika times news platform
Exit mobile version