पणजी, 8 जनवरी ()। गोवा रूसी पर्यटकों को अधिक खर्च करने वाला मानता है। हालांकि इनमें से कुछ पर्यटक होटल व्यवसाय भी करते हैं। उनमें से कुछ ने ड्रग की आपूर्ति को अपनी आय का स्रोत बना लिया है। तटीय राज्य में विदेशी पर्यटकों, विशेषकर रूसियों की भारी भीड़ रहती है। उनमें से कुछ को पुलिस द्वारा समय-समय पर नशीले पदार्थ बेचने या जुए में शामिल होने के आरोप में पकड़ा जाता है।
रूसी नागरिक राज्य में रेस्तरां भी संचालित करते हैं, जहां आमतौर पर विदेशी आते हैं। तटीय क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी ने कहा, वे स्थानीय लोगों के नाम पर व्यवसाय करते हैं, जो उन्हें संचालन के लिए परिसर किराए पर देते हैं। ऐसे कई रूसी हैं जो गोवा में कारोबार कर रहे हैं।
आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार 2019 में लगभग 71,27,000 घरेलू पर्यटक गोवा पहुंचे, जबकि 9,31,000 विदेशी पर्यटकों ने राज्य का दौरा किया। लगभग 90,000 रूसी पर्यटक सालाना गोवा आते हैं। हालांकि पिछले तीन वर्षों में कोविड-19 महामारी के कारण संख्या में काफी गिरावट आई है।
गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने ऑन रिकॉर्ड कहा था कि तटीय राज्य का पर्यटन मुख्य रूप से यूके और रूस और यूरोप के कुछ हिस्सों पर निर्भर है। उन्होंने कहा था, सरकार पर्यटकों के अच्छे खर्च के साथ अच्छी संख्या में आने के लिए सभी कदम उठा रही है।
गोवा आने की इच्छा रखने वाले व अधिक खर्च करने वाले पर्यटकों को लुभाने के लिए गोवा सरकार ने ई-वीजा मुद्दे को हल करने के लिए कई प्रयास किए थे।
ट्रैवल एंड टूरिज्म एसोसिएशन ऑफ गोवा (टीटीएजी) के अध्यक्ष नीलेश शाह ने को बताया कि वर्तमान में हर हफ्ते करीब 3,000 रूसी पर्यटक गोवा आते हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा, रूसियों ने गोवा वापस आना शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक औसतन एक रूसी पर्यटक गोवा में 2-3 लाख रुपये खर्च करता है, जो इस छोटे राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करता है। रूसी विला किराए पर लेते हैं, जबकि उनमें से कुछ होटलों में रहते हैं।
हालांकि उनकी यात्रा अर्थव्यवस्था में मदद करती है, लेकिन उनमें से कुछ नशीली दवाओं के धंधे में भी लिप्त हैं।
ऐसी कई घटनाएं हैं, जहां राज्य में आने वाले रूसी पर्यटकों को उनके किराए के परिसर में मारिजुआना उगाने के लिए गिरफ्तार किया गया।
2018 में उत्तरी गोवा के अंजुना के समुद्र तट गांव में अपने किराए के अपॉर्टमेंट के अंदर मारिजुआना उगाने के लिए एक रूसी जोड़े को गिरफ्तार किया गया था।
अगले वर्ष 2019 में चार सदस्यीय रूसी गिरोह को इन्हीं आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और 2020 में किराए के परिसर में मारिजुआना उगाने के लिए उत्तरी गोवा के मोर्जिम से एक और रूसी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था।
इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया था कि वे (पर्यटक) अपने परिसरों में मारिजुआना के पौधे कैसे उगा रहे थे।
इनमें से कुछ विदेशी पर्यटक मादक पदार्थों का अवैध व्यापार करने के इरादे से गोवा आते हैं। वे लंबे समय तक रहने के लिए एक कमरा किराए पर लेते हैं और इस व्यापार में शामिल हो जाते हैं। वे इसे यहां आने वाले अपने लोगों और दूसरों को भी बेचते हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा उनमें से कुछ एक ही राष्ट्रीयता वाले गाइड टूरिस्ट भी बनते हैं और उन्हें ड्रग्स की आपूर्ति करने का रास्ता बनाते हैं।
29 सितंबर, 2022 को गोवा पुलिस ने एक रूसी नागरिक को कथित रूप से 900 ग्राम हशीश रखने के आरोप में गिरफ्तार किया, जिसकी कीमत 9 लाख रुपये थी। आरोपी व्यक्ति की पहचान 38 वर्षीय मैक्सिम मकारोव के रूप में हुई, जो मोरजिम में रहता था।
22 सितंबर को दो रूसियों को गोवा पुलिस ने ऑनलाइन जुआ में उनकी संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया था।
सूत्रों के अनुसार जो पर्यटक यहां आते हैं और लंबे समय तक रुकते हैं वे स्थानीय लोगों के साथ मित्रवत होने और स्थानीय स्थलों से परिचित होने के बाद इस तरह के व्यापार में शामिल हो जाते हैं।
देश विदेश की तमाम बड़ी खबरों के लिए निहारिका टाइम्स को फॉलो करें। हमें फेसबुक पर लाइक करें और ट्विटर पर फॉलो करें। ताजा खबरों के लिए हमेशा निहारिका टाइम्स पर जाएं।


